हरियाणा

फरीदाबाद में दिल्ली के पहलवान की हत्या, जिम से निकलते ही ताबड़तोड़ गोलियां मारी

अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश गाड़ी में छुपे बैठे थे। जैसे ही बल्लू बाहर आया तो उसे मौत के घाट उतारकर फरार हो गए।

हरियाणा के फरीदाबाद में दिल्ली के पहलवान की हत्या कर दी गई। जिम से बाहर निकलते ही पहलवान पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। पहलवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दिल्ली के नजफगढ़ निवासी बल्लू पहलवान के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद में अपने किसी रिश्तेदार के यहां रहता था।

पहलवान की हत्या की सूचना के बाद पुलिस कमिश्नर राकेश कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिंक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, फायरिंग करने वाले बदमाश 4 से 5 थे। पूरी घटना का एक CCTV फुटेज सामने आया है। जिसमें बदमाश भागते हुए आए और पहलवान पर गोलियां बरसा दीं।

सेक्टर-11 हुडा मार्केट स्थित स्पेक्ट्रम जिम के संचालक रोहित ने बताया की बल्लू यहां अपने किसी रिश्तेदार के पास रहता था। वह अक्सर शाम 4 से 7 बजे के बीच में जिम आता था। बल्लू पहलवान ने उसे बताया था कि उनका किसी से झगड़ा चल रहा है, इसलिए वह समय बदलकर आता है। आज वह शाम 5 बजे जिम में आया था। साढ़े 6 बजे वह जिम से निकल गया। वह भी अंदर जिम में ही था। अचानक पटाखे चलने जैसी आवाज सुनाई दी। यह सुनकर जिम कर रही एक महिला ने उससे कहा कि कि लगता है किसी ने नीचे पटाखे चला दिए हैं। उसे भी लगा कि किसी की शादी होगी। जब उसने नीचे झांक कर देखा तो बल्लू खून से लथपथ जमीन पर गिरा हुआ था।

रोहित ने फरीदाबाद जिला प्रशासन पर भी लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि मार्केट में चारों तरफ अंधेरा छाया रहता है। यहां CCTV कैमरे लगे हैं, लेकिन अंधेरे की वजह से फुटेज में कुछ दिखाई नहीं देता। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश गाड़ी में छुपे बैठे थे। जैसे ही बल्लू बाहर आया तो उसे मौत के घाट उतारकर फरार हो गए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button