दिग्विजय मैमोरियल स्कूल की कबड्डी में ऐतिहासिक दोहरी जीत
दिग्विजय मैमोरियल स्कूल की कबड्डी में ऐतिहासिक दोहरी जीत

दिग्विजय मैमोरियल स्कूल, हिसार के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि सहोदया स्कूल्स कबड्डी चैम्पियनशिप में विद्यालय की छात्र एवं छात्राओं दोनों कबड्डी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता द रेडिएंस स्कूल, अग्रोहा (हिसार) में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं कबड्डी टीम ने अपनी अद्भुत ताकत, फुर्ती, रणनीति और खेल भावना का परिचय देते हुए सभी मुकाबलों में विजय प्राप्त की। वहीं छात्र कबड्डी टीम ने भी शक्तिशाली, अनुशासित एवं दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने विरोधियों को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, टीम वर्क और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोहरी सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या एवं समस्त स्टाफ ने विजेता खिलाडिय़ों और उनके प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल स्कूल का गौरव बढ़ा है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है।



