हिसार संघर्ष समिति ने एचएचवीपी के एसडीओ के समक्ष रखी सैक्टर-13 व 16-17 में हो रही दूषित पेयजल सप्लाई की समस्या
प्रतिनिधिमंडल के साथ एसडीओ से मिले जितेंद्र श्योराण

एंटिक ट्रुथ | हिसार
हिसार संघर्ष समिति के अध्यक्ष जितेंद्र श्यारोण की अध्यक्षता में सैक्टर के गणमान्य व्यक्तियों का एक प्रतिनिधिमंडल एचएसवीपी के एसडीओ अनूप बूरा से मिला और उनके समक्ष सैक्टर-13 एवं 16-17 में आ रही दूषित पानी की सप्ताई की समस्या को रखा। इस प्रतिनिधिमंडल में मनविंद्र सेठी, सतीश गक्खड़, रोहित गोयल व कवीश पपनेजा आदि शामिल रहे।
जितेंद्र श्योराण ने सैक्टर 13 एवं सैक्टर 16-17 में पानी की सप्लाई संबंध समस्याओं को एचएसवीपी के एसडीओ अनूप बूरा के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों से उक्त सैक्टर्स में दूषित पानी की सप्लाई आ रही है और शिकायत के बावजूद समस्या जस क तस है। इससे लोगों के बीमार पडऩे का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने जलघरों की सफाई की मांग भी एसडीओ के समक्ष रखी। वहीं सैक्टर में गैस पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी द्वारा भी सही ढंग से काम नहीं करने की बात श्योराण ने कही। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी बेतरतीब ढंग से कार्य रही है और गड्ढा खोदने के बाद उसे ठीक ढंग से बंद नहीं किया जाता और पानी व सीवरेज की लाइन को भी नुकसान पहुंचने का खतरा इस वजह से बना रहता है।
एसडीओ अनूप बूरा ने बताया कि सैक्टर में दूषित पानी की समस्या का समाधान जल्द ही करवा दिया जाएगा। जहां-जहां भी दूषित पानी की शिकायत आ रही है वहां पर टीम को भेजकर चैक करवाकर मौके पर ही समस्या का समाधान किया जाएगा। वाटर टैंक्स की सफाई पर उन्होंने कहा कि 2-3 वाटर टैंक्स की सफाई करवा दी गई है तथा बाकी की सफाई का काम भी जल्द ही करवाया जाएगा। गैस पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है कि वह अपना काम सही ढंग से करे नहीं तो उसका काम बंद करवा दिया जाएगा।



