18 मार्च से कुरुक्षेत्र में होने वाले नौ दिवसीय 1008 कुण्डीय शिव-शक्ति महायज्ञ में हिसार की होगी सबसे बड़ी भागीदारी: अंजनी खारिया
हिसारवासियों को महायज्ञ का निमंत्रण देने 5 जनवरी को स्वयं चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्री हरिओम जी महाराज पहुंचेंगे हिसार
एंटिक ट्रुथ | हिसार
जगतगुरु त्रिपुरा पीठाधीश्वर चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट पूज्य श्रीश्री 1008 श्री हरिओम जी महाराज के सानिध्य में कुरुक्षेत्र के केशव (थीम) पार्क में आगामी 18 से 27 मार्च, 2025 तक नौ दिवसीय 1008 कुण्डीय शिव-शक्ति महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। जनकल्याण हेतु किए जा रहे इस पुण्यदायी आयोजन के लिए हिसार वासियों को निमंत्रण देने 5 जनवरी रविवार को स्वयं श्री हरिओम जी महाराज हिसार आ रहे हैं। हिसार पहुंचने पर गुरु महाराज का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर यज्ञ सम्राट श्री हरिओम महाराज के सानिध्य में हिसार के अग्रसेन भवन में एक दिवसीय 11 कुण्डीय यज्ञ व दिव्य महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
यह जानकारी कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं अग्रसेन भवन हिसार के प्रधान अंजनी कुमार खारिया ने आज यहां पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए दी। इस अवसर पर उनके साथ कार्यक्रम संयोजक दीपक गर्ग, एन. के. गोयल, जगदीश तायल, संजय डालमिया, निरंजन गोयल, अनिल सिंगला मंगाली वाले, दुनीचंद गोयल, आशुतोष परूथी, सुरेंद्र बागड़ी, ज्योति प्रकाश कौशिक, सुरेंद्र बगला, बलवंत सोनी, नरेंद्र मेचु आदि सहित हिसार के लगभग सभी श्याम मण्डलों के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।
अंजनी खारिया ने बताया कि हरिओम जी महाराज के हिसार आगमन के उपलक्ष्य में 5 जनवरी को सुबह 11 बजे 11 कुण्डीय यज्ञ किया जाएगा। इस यज्ञ में हिसार के न्यूनतम 108 जोड़े यजमान के रूप में भाग लेंगे। इसके पश्चात गुरु महाराज अपने स्थानीय शिष्यों व अन्य श्रद्धालुओं के साथ नगर परिक्रमा के माध्यम से हिसारवासियों को कुरुक्षेत्र के 1008 कुण्डीय महायज्ञ के लिए निमंत्रण देंगे। इसके पश्चात शाम को 6 बजे महाराज जी के द्वारा अग्रसेन भवन में ही दिव्य महा-आरती की जाएगी। अंजनी खारिया ने कहा कि इस निमंत्रण यात्रा के लिए श्री हरिओम जी महाराज जैसे अपना पूरा जीवन राष्ट्र, सनातन, यज्ञ व पर्यावरण को समर्पित करने वाले संत का आगमन पूरे हिसार को अलौकिकता से भर देगा।
पत्रकार वार्ता से पूर्व कुरुक्षेत्र के 1008 कुण्डीय महायज्ञ में हिसार की भागीदारी व 5 जनवरी के आयोजन को लेकर एक संयोजक समिति का भी गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से अंजनी खारिया को हिसार के मुख्य संयोजक की जिम्मेवारी सौंपी गई। इसी के साथ दीपक गर्ग, एन.के. गोयल, जगदीश तायल, संजय डालमिया, निरंजन गोयल, अनिल सिंगला मंगाली वाले, दुनीचंद गोयल, सुरेंद्र बागड़ी, आशुतोष परूथी, नरेंद्र मेचु को सह-संयोजक बनाया गया। इसी प्रकार श्रीमती आशु परूथी को महिला मंडल का प्रधान व प्रदीप गोयल को युवा मंडल प्रधान की जिम्मेवारी सौंपी गई।
अंजनी खारिया सहित समस्त संयोजक समिति ने दावा किया की कुरुक्षेत्र के 1008 कुण्डीय में हिसार की भागीदारी सबसे बड़ी होगी। इस भव्य धार्मिक आयोजन में हिसार की ओर से कम से कम 108 कुंड बनवाए जाएंगे। इसके अलावा हवन-यज्ञ के लिए घी, सामग्री व भंडारे में भी यथासंभव सहयोग किया जाएगा।



