धुंध में ड्राइविंग करते समय आवश्यक सावधानियां बरतना जरूरी
धुंध में ड्राइविंग करते समय आवश्यक सावधानियां बरतना जरूरी

सर्दियों के मौसम में बढ़ती हुई धुंध को देखते हुए डाबड़ा चौक स्थित उत्तम कार ड्राइविंग स्कूल द्वारा धुंध को देखते हुए विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया। ड्राइविंग प्रशिक्षुओं के अलावा अन्य लोगों को भी बारे में जागरूक किया गया। ड्राइविंग स्कूल के संचालक संजीव कौशिक ने बताया कि धुंध के मौसम में दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं। धुंध की शुरुआत होते ही अनेक स्थानों से वाहन टकराने की घटनाएं हो रही हैं इससे बचने के लिए विशेष सावधानी बरतनी जरूरी होती है। सबसे पहले अपने वाहनों पर आगे और पीछे रिफ्लेक्टर लगाने चाहिएं। वाहनों की हेडलाइट में पीली रोशनी की व्यवस्था करनी चाहिए जिससे धुंध में दृश्यता बढ़ जाती है और हमेशा लो बीम का इस्तेमाल करना चाहिए। फॉग लाइट्स का उपयोग करना चाहिए। कार में डिफॉगर चलाएं। धुंध में यात्रा करते समय दूसरे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाकर रखनी चाहिए और वाहन की गति धीमी रखनी चाहिए। ओवरटेक करने से बचना चाहिए। रोड पर बनी सफेद पट्टी के साथ-साथ चलना चाहिए ताकि आपकी गाड़ी बीच रास्ते में न आ जाए। हाइवे पर अपनी लेन बदलने के लिए इंडिकेटर जरूर देना चाहिए। धुंध में ड्राइविंग करते समय पार्किंग लाइट जलाकर रखनी चाहिए ताकि दूर से आपकी स्थिति का पता दूसरे वाहन को लग सके। इसके अलावा जहां धुंध गहरी हो तो थोड़े-थोड़े अंतराल पर हॉर्न बजाना चाहिए ताकि दूसरे वाहन चालक को आपकी उपस्थिति का पता चल सके। ऐसे समय में जब धुंध बहुत ज्यादा हो तो दृश्यता जीरो हो तो सुरक्षित स्थान पर रुकना चाहिए और यदि बेहद जरूरी ना हो तो यात्रा को टालना चाहिए। धुंध में तेज गाड़ी भूलकर भी नहीं चलानी चाहिए यह हादसों का मुख्य कारण बनती है।



