मानव उत्थान सेवा समिति ने किया पौधारोपण
मानव उत्थान सेवा समिति के 5 से 20 जुलाई तक देश में एक लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के तहत हिसार में किया गया पौधारोपण

एंटिक ट्रुथ | हिसार
मानव उत्थान सेवा समिति के प्रेरक सद्गुरु देव श्री सतपाल जी महाराज की प्रेरणा से 5 जुलाई से 20 जुलाई तक पूरे भारत में 1 लाख छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत पूरे देश में पौधारोपण अभियान चलाया गया है। इसी कड़ी में ये पुनीत कार्य महात्मा गौरा बाई व महात्मा निरंजनी बाई की अध्यक्षता में संस्था से जुड़े श्रद्धालुओं के सहयोग से हिसार के सैक्टर 16-17 के जय हिन्द पार्क तथा साथ लगती ग्रीन बैल्ट में संपन्न हुआ। इस पौधारोपण अभियान में नीम, जामुन, गुलमोहर, अमरूद, इमली, अर्जुन, बेलबत्र, सुहाजना, कढ़ी पत्ता, पीपल आदि के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर वार्ड 14 की पार्षद सुमन यादव मुख्य अतिथि एवं कर्नल चतर सिंह गोयत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महात्मा गौरा बाई ने वृक्षों के संरक्षण का संकल्प करवाया व पौधारोपण के साथ-साथ उनके रख-रखाव व देखभाल के लिए भी प्रेरित किया और कहा कि पौधारोपण अभियान न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य की दिशा में उठाया गया सार्थक कदम है। हर एक नया पौधा एक नई आशा, नई सांस और नया जीवन लेकर आता है। प्रत्येक श्रद्धालु अपने घर में एक पौधा अपने गुरु एवं माता-पिता के नाम से भी अवश्य लगाए।
महात्मा निरंजनी बाई ने कहा कि अगर हम अपने जीवन में खुशियां चाहते हैं तो पौधे लगाने के लिए आगे आना होगा क्योंकि हरियाली समाप्त होने पर भीषण गर्मी होने से लाईलाज बीमारियां पनपने लगी हैं। इसलिए प्रकृति और मानवता का संतुलन बनाए रखने के लिए हमें पौधों की देखभाल करनी होगी और अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में अपना योगदान देना होगा।
पार्षद सुमन यादव ने उपस्थित सभी से अपने जीवन में अपने जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें अपनी नैतिक जिम्मेवारी समझते हुए भी पौधे लगाने चाहिएं। ग्लोबल वार्मिंग दिन-प्रतिदिन भयंकर रूप ले रही है जिसका कारण पेड़ों की कटाई व प्राकृतिक संसाधनों का दोहन है इसलिए हमें इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इस अवसर पर कर्नल चतर सिंह ने भी अपने संक्षिप्त संबोधन में संस्था के कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम करते रहने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। पौधारोपण कार्यक्रम में कुलदीप यादव, सती राम, सूरजमल जांगड़ा, रामदेव, जमुना प्रसाद, भूपेंद्र जांगड़ा, हंसराज, विपिन, मोहित, ईशू, सुरिन्द्र कौर, अंजना गुप्ता और संतोष ने सहयोग किया।



