हरियाणा के रोहतक जिले में भांजे ने मौसी पर किया: जानलेवा हमला
डॉक्टरों को जख्मों पर 200 से अधिक टांके लगाने पड़े

रोहतक में मौसी को तेजधार हथियार से हमला
हरियाणा के रोहतक में लाढोत रोड स्थित सूर्या नगर कॉलोनी में भांजे ने मौसी पर जानलेवा हमला कर दिया। वह उसको खाना देने के लिए गई थी। वह उस दौरान नशे में था और अपनी मौसी पर तेजधार हथियार से वार किए। महिला को अस्पताल पहुंचाया। उसके जख्मों पर 200 से अधिक टांके लगाने पड़े । पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लड़का नशे का आदी
जानकारी अनुसार सूर्या नगर कॉलोनी में रहने वाले सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे छह भाई है। उसके छोटे भाई सतबीर और उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। सतबीर का लड़का मंजीत नशे का आदी है। मंजीत की पत्नी का 13 दिसंबर को बीमारी के कारण देहांत हो गया था। इसके बाद दोनों बच्चे अपनी बुआ के घर में रहते हैं।
खाना देने गई मौसी पर हमला
उन्होंने कहा कि मंजीत मकान पर अकेला रहता है। जबकि उसके छोटे भाई की पत्नी शीला देवी (मंजीत की मौसी) ही उसे खाना देती है। 5 जनवरी को शीला देवी मंजीत को खाना देने के लिए गई थी। इसी दौरान मंजीत ने शीला पर दाव (तेजधार हथियार) से हमला कर दिया। इससे शीला के चेहरे और सिर व शरीर पर चोटें आई हैं।
सुखबीर बचाव के लिए गया
सुखबीर सिंह ने बताया कि जब शीला की चीख-पुकार सुनी तो वह बचाव के लिए गया। तब मंजीत शीला पर तेजधार हथियार से हमला कर रहा था। जो बाद में छोड़कर वहां से भाग गया। वहीं घायल शीला को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शीला को 200 से अधिक टांके आए हैं। जो अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।



