राजनीति

एसबीआई के रिटायर्ड चीफ मैनेजर ने भ्रष्टाचार मिटाने के उद्देश्य से की ‘भ्रष्टाचार उन्मूलन पार्टी’ बनाने की घोषणा

राजनीति के माध्यम से भ्रष्टाचार हटाने के साथ-साथ आम जन मानस को दिलाना चाहते हैं उनके अधिकार व सुविधाएं : चेतन गर्ग

एंटिक ट्रुथ | हिसार

हिसार के अर्बन एस्टेट निवासी चेतन कुमार गर्ग रिटायर्ड चीफ मैनेजर, रीजनल ऑफिस स्टेट बैंक ऑफ इंडिया हिसार ने अपनी रिटायरमेंट के समय को जन सेवा के कार्य में लगाने के लिए राजनीति के माध्यम से शुरूआत करने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसके लिए अपनी नई पार्टी ‘भ्रष्टाचार उन्मूलन पार्टी’ बनाने की घोषणा की। चेतन कुमार गर्ग ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उन्होंने महसूस किया है कि भ्रष्टाचार ने जिस तरह से हमारे तंत्र में जड़ें जमा रखी हैं वह हमारे देश को खोखला करता जा रहा है और देश की प्रगति में बहुत बड़ी बाधा है। इसलिए भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से अंकुश लगाकर विदेशों की तरह पूरे तंत्र को पारदर्शी बनाने की जरूरत है। भ्रष्टाचार उन्मूलन हमारी पार्टी का मुख्य उद्देश्य रहेगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान आज तक उन्होंने किसी प्रकार की रिश्वत नहीं ली और हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज मुखर की। चेतन कुमार गर्ग ने कहा कि इसके साथ ही उन्होंने महसूस किया है कि देश में सबसे अधिक आम जन मानस पिसता है। चुनावों के समय सभी राजनीति दल लोक लुभावन वादे करके अपना राजनीतिक हित साधते रहते हैं और उसके बाद जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है। यहां तक कि लोग बिजली, पानी व अन्य मूलभूत सुविधाओं को तरसते रहते हैं। इसके साथ ही आम जनता महंगाई, बच्चों की महंगी पढ़ाई व स्वास्थ्य पर होने वाले भारी भरकम खर्च आदि के नीचे पिसती रहती है और उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं होता। विभिन्न राजनीतिक दल जनता की सुविधाओं की ओर कोई ध्यान नहीं देते।
चेतन कुमार गर्ग ने बताया कि उन्होंने जनता की टीस को समझते हुए और उसे इससे मुक्ति दिलाने के लिए राजनीति के क्षेत्र को चुना है। श्री गर्ग ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल जनता की सेवा करना और उन्हें उनके अधिकार दिलाना है। इसी उद्देश्य के साथ इस पार्टी की घोषणा की गई है। उन्होंने पार्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है जैसे ही पार्टी का रजिस्ट्रेशन हो जाएगा पूरे प्रदेश में पार्टी हर विधानसभा में युद्ध स्तर पर प्रचार-प्रसार में जुटेगी और हरियाणा में जन समर्थन जुटाकर राजनीति में बदलाव लाने के लिए मैदान में उतरेगी।
उन्होंने अपने निजी जीवन के बारे में बताया कि वे वर्तमान में हिसार के अर्बन एस्टेट में रह रहे हैं और उनका मूल जन्म स्थान गांव फरमाना, सोनीपत है। उनकी कर्म भूमि हिसार ही है। उनके पिता स्व. श्री ओमप्रकाश गर्ग हिसार में ‘दिवाना साहब’ के नाम से जाने जाते थे क्योंकि गीता भवन के संस्थापक बृज मोहन फिदा के वर्ष 1978 में ब्रह्मलीन होने के बाद से वर्ष 2003 तक गीता पर साप्ताहिक रविवारीय सत्संग में प्रवचन किया। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही उनकी स्वयं की भी आध्यात्म में गहरी रुचि है और मोहल्ला रामपुरा स्थित गीता प्रचारिणी सभा में गीता के प्रचार प्रसार में अपना पूर्ण योगदान देते हैं। राजनीति को जनसेवा के रूप में अपनाकर वे समाज में बदलाव लाना चाहते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button