श्री श्याम जी का 72वां जन्मोत्सव बागडिय़ान मंदिर पड़ाव बाजार में 12 नवंबर को मनाया जाएगा
11 नवंबर को शहर के मुख्य बाजारों से निकाली जाएगी श्री श्याम बाबा की भव्य रथ यात्रा

एंटिक ट्रुथ | हिसार
मंदिर बागडिय़ान ट्रस्ट, श्री श्याम स्नेही संकीर्तन मंडल एवं श्याम भक्तों द्वारा श्री श्याम बाबा का 72वां जन्मोत्सव बागडिय़ान मंदिर पड़ाव बाजार में बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर से हरीश ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत 11 नवंबर को शाम 5 बजे भव्य श्री निशान एवं रथ यात्रा आरंभ की जाएगी जो कि बागडिय़ा मंदिर पड़ाव बाजार से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। इसमें आकर्षण का केंद्र बाबा का नवनिर्मित विशाल भव्य रथ होगा जिसमें बाबा विराजित होंगे और जोकि भक्तों द्वारा हाथों से खींचा जाएगा। 12 नवंबर को शाम 6 बजे श्याम बाबा का विशाल भव्य संकीर्तन होगा जिसमें बाबा का अलौकिक श्रृंगार होगा। बाबा के लिए 41 सवामणि बनेगी व 56 भोग, पान भोग लगाया जाएगा। श्रद्धालु अखंड ज्योति के दिव्य दर्शन कर सकेंगे। इस भव्य संकीर्तन में मुख्य गायकार ट्विंकल शर्मा दिल्ली से अंकुर गोयल फतेहाबाद से व अन्य प्रमुख गायकार पहुंचेंगे। बागडिय़ान मंदिर से हरीश ने बताया कि श्री श्याम बाबा का यह मंदिर न केवल हिसार बल्कि पूरे हरियाणा का सबसे प्राचीन मंदिर है। यहां हर साल बाबा का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां आते हैं और बाबा के दर्शन कर उनके भजनों का आनंद लेते हैं। उन्होंने सभी शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जन्मोत्सव में पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लेने का आग्रह किया।



