
एंटिक ट्रुथ | हिसार
अर्बन एस्टेट स्थित विश्वास सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान की आधुनिक तकनीकों, उपकरणों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से परिचित कराना था। विद्यार्थियों ने डॉ. मंगलसेन एग्रीकल्चर साइंस म्यूजियम का अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने कृषि से संबंधित विभिन्न आधुनिक उपकरणों, वेशभूषा और ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी प्राप्त की। म्यूजियम में प्रदर्शित कृषि विकास की यात्रा ने बच्चों को बहुत प्रभावित किया। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित बोटैनिकल गार्डन का भी दौरा किया, जहां उन्होंने अनेक प्रकार की औषधीय एवं सजावटी पौधों की प्रजातियों को देखा और उनके उपयोग के बारे में जाना। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा। विद्यालय प्राचार्य दिनेश चंद्र सेमवाल ने बताया कि इस प्रकार की शैक्षिक यात्राएं विद्यार्थियों में जिज्ञासा, प्रयोगात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होती हैं।



