हरियाणा के जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है बजट : हर्ष बामल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में रखा है प्रदेश के जन-जन का ख्याल : बामल

एंटिक ट्रुथ | हिसार
हरियाणा का वर्ष 2025-2026 का बजट प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है। इस बजट में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के जन-जन का पूरा ख्याल रखा है और बजट में किसान, महिला, कर्मचारी, युवा, व्यापारी, मजदूर सभी का ध्यान रखा गया है। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हर्ष बामल ने पेश हुए हरियाणा के बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
हर्ष बामल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बड़ा ही सराहनीय बजट पेश किया गया है जिसमें प्रदेश के सभी वर्गों के लिए सब कुछ शामिल किया गया है। बजट में मुख्य तौर पर किसानों के लिए सबसे अधिक 38 घोषणाएं की गई हैं जिसमें पराली नहीं जलाने पर मिलने वाली राशि 1000 से बढ़ाकर 1200 कर दी गई है। बीज व कीटनाशकों से निजात दिलाने के लिए बिल लाने की घोषणा व बागवानी नीति आदि शामिल हैं। धान की खेती छोडऩे वाले किसानों को अब 7 की बजाय 8 हजार रुपये प्रति एकड़ मिलेंगे। वहीं महिलाओं को 1 लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के मिलेगा। छात्रों के लिए भी मैथ ओलंपियाड में प्रथम स्थान हासिल करने वाले को 1 लाख रुपये की राशि पुरस्कार राशि तथा अन्य उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। खिलाडिय़ों की छात्रवृति में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हरियाणा को भविष्य सक्षम बनाने के उद्देश्य से बजट में पहली बार ‘डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर’ के नाम से नया विभाग बनाया जाएगा। युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से ‘संकल्प प्राधिकरण’ का गठन किया जाएगा। नशा तस्करी से संबंधित केसों के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाएंगी। इसके अलावा बजट में बेरोजगार, किसान, एससी, कामकाजी महिलाओं, छात्राओं व युवाओं के लिए बहुत कुछ दिया गया है जिससे प्रदेश का हर वर्ग खुश है। हर्ष बामल ने कहा कि यह बजट प्रदेश के सभी वर्गों की आशाओं के अनुरूप है और प्रदेश को विकास के मार्ग पर ले जाने वाला है।



