दिव्य श्री रामकथा अमृतधारा का आयोजन 5 जनवरी से सनातन धर्म हनुमान मंदिर में होगा
श्री बांके बिहारी सुंदरकांड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा करवाया जा रहा है श्री राम कथा का आयोजन -
श्री बांके बिहारी सुंदरकांड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में दिव्य श्री राम कथा अमृतधारा का आयोजन 5 से 13 जनवरी तक श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर प्रांगण नागोरी गेट में किया जाएगा। ट्रस्ट के अरविन्द के गुप्ता ने बताया कि 5 जनवरी को दोपहर 1 बजे मंदिर प्रांगण से भव्य कलश के साथ कथा कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जो कि लक्ष्मीनारायण मंदिर से चलकर श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर नागोरी गेट तक जाएगी। 5 से 13 जनवरी तक श्री राम कथा प्रतिदिन सायं 3:30 से 6:30 बजे तक मंदिर में होगी। 14 जनवरी को दपेाहर 1 बजे भंडारा लगाया जाएगा।
अरविन्द गुप्ता ने बताया कि कथा व्यास बाल व्यास पंडित शशि शेखर श्री राम कथा की अमृत वर्षा करेंगे। पंडित शशि शेखर द्वारा कथा के दौरान वंदना प्रकरण, श्री राम जन्म के कारण, श्री राम जन्म, पुष्प वाटिका प्रसंग, श्री राम विवाह, वन गमन एवं केवट प्रसंग, भरत मिलाप एवं माता शबरी प्रसंग, श्री सुंदरकांड प्रसंग व श्री राम राज्य अभिषेक आदि की संगीतमय एवं भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी। 14 जनवरी को प्रात: 9 बजे से 12 बजे तक अरविंद गुप्ता व सभी प्रभु भक्त साथियों द्वारा सुंदर कांड का पाठ किया जाएगा उसके उपरांत 1 बजे भंडारा लगाया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन में विभिन्न धार्मिक संगठनों का सहयोग रहेगा।



