पृथ्वी दिवस पर विश्वास सीनियर सैकेंडरी स्कूल में किया गया पौधारोपण

एंटिक ट्रुथ | हिसार
अर्बन एस्टेट स्थित विश्वास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 22 अप्रैल, मंगलवार को पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रार्थना सभा में बच्चों ने पृथ्वी संरक्षण पर प्रभावशाली भाषण दिए, स्लोगन प्रस्तुत किए और ‘रिड्यूज’, ‘रीयूज’, ‘रीसाइकल’, ‘रीफ्यूज’ साइकल के महत्व को रचनात्मक ढंग से समझाया। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर बनाओ, स्लोगन लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जागरूकता और रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पौधारोपण रहा, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य महोदय तथा विज्ञान विषय की अध्यापिकाओं के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। इस गतिविधि का उद्देश्य छात्रों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव विकसित करना था। प्रधानाचार्य महोदय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि यह हर दिन प्रकृति के संरक्षण की दिशा में हमारे प्रयासों की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतत पर्यावरणीय प्रयासों में भाग लेने की प्रेरणा दी।विद्यालय परिवार ने यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरण को संरक्षित रखने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे।



