विश्वास सी.सै. स्कूल में जीने की कला विषय पर वर्कशॉप का आयोजन
शिक्षकों को सकारात्मक सोच विकसित करने की रणनीतियों, ध्यान-सत्र, दैनिक जीवन में संतुलन के बारे में बताया

एंटिक ट्रुथ | हिसार
शुक्रवार को अर्बन इस्टेट स्थित विश्वास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘जीने की कला’ पर एक विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह वर्कशॉप समाज में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और मानसिक शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध आध्यात्मिक मोटिवेशनल स्पीकर सिद्धार्थ पन्नू द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को तनाव प्रबंधन, ध्यान और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की तकनीकों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का संतुलन बनाए रखना कितना महत्वपूर्ण है। वर्कशॉप के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें ध्यान सत्र, सकारात्मक सोच विकसित करने की रणनीतियां और दैनिक जीवन में संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव शामिल थे। सभी शिक्षकों ने इन सत्रों में भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए और आत्म-संवर्धन के नए आयामों को समझा। विद्यालय प्राचार्य दिनेश चंद्र सेमवाल ने इस अवसर पर कहा, ‘जीवन जीने की कला’ केवल एक कौशल नहीं है, बल्कि यह एक दृष्टिकोण है। इस प्रकार की दृष्टिकोण को अपने जीवन में अपनाकर ही हम एक स्वस्थ जीवन जी सकते हैं तथा अपना, समाज और अपने विद्यार्थियों का सही मार्गदर्शन कर सकते हैं।



