हरियाणाहिसार

हिम पुत्री रीना भट्टी ने बाबा हिन्दुस्तानी से की मुलाकात, हिसार की बेटी की उपलब्धियों पर जताया गर्व

माउंट एवरेस्ट और माउंट ल्होत्से को 20 घंटे 45 मिनट में फतह कर बनाया कीर्तिमान, बाबा हिन्दुस्तानी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिम पुत्री रीना भट्टी ने बाबा हिन्दुस्तानी से की मुलाकात, हिसार की बेटी की उपलब्धियों पर जताया गर्व

पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करने वाली हिम पुत्री रीना भट्टी ने न्यू मॉडल टाउन स्थित बाबा हिन्दुस्तानी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर बाबा हिन्दुस्तानी ने रीना भट्टी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिसार जिले के बालक गांव की रहने वाली रीना भट्टी ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने मात्र 20 घंटे 45 मिनट में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) और चौथी सबसे ऊंची चोटी माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) को फतह कर अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें भारत की तेज महिला पर्वतारोहियों में विशेष पहचान दिलाई है।

एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली रीना भट्टी के पिता ट्रैक्टर मिस्त्री हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। पर्वतारोहण के प्रति उनका जुनून वर्ष 2017 में अमरनाथ यात्रा के दौरान जागा। इसके बाद उन्होंने कठिन प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के दम पर पर्वतारोहण की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने माउंट कांग यात्से और माउंट जोजोंगो सहित कई चुनौतीपूर्ण चोटियों को भी फतह किया।

रीना भट्टी की उपलब्धियां केवल एवरेस्ट और ल्होत्से तक सीमित नहीं हैं। वह माउंट एल्ब्रुस की पूर्वी और पश्चिमी चोटियों को 24 घंटे में फतह करने वाली भारत की पहली महिला पर्वतारोही भी बन चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने किर्गिस्तान में 7,134 मीटर ऊंची पीक लेनिन और स्नो लेपर्ड पीक पर भी तिरंगा लहराया है। उन्होंने 6,812 मीटर ऊंची माउंट आमा दबलम की चढ़ाई महज पांच दिनों में पूरी की। पिछले पांच वर्षों में वह 20 से अधिक पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी हैं।

इस अवसर पर बाबा हिन्दुस्तानी ने कहा कि रीना भट्टी की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद यदि व्यक्ति के हौसले बुलंद हों और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि रीना भट्टी ने अपनी मेहनत, साहस और दृढ़ संकल्प से न केवल हिसार, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से युवाओं, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है। बाबा हिन्दुस्तानी ने रीना भट्टी को शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button