गुब्बारों पर परेशानियां लिखकर विद्यार्थियों ने उन्हें हवा में उड़ाया

मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह पर राजकीय कन्या उच्च विद्यालय पटेल नगर में अनूठी पहल, आत्म-सम्मान बढ़ाने का दिया संदेश
दुनिया भर में मनाए जा रहे मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के उपलक्ष्य में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, पटेल नगर में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के एडवांस डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग (एडीसीजीसी) के प्रशिक्षु विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से निपटने के सकारात्मक एवं व्यावहारिक तरीके सिखाने के साथ उनका आत्म-सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ाना था।
कार्यशाला का सबसे आकर्षक पहलू अनूठी गतिविधि रही। विद्यार्थियों को गुब्बारे देकर उनसे अपनी व्यक्तिगत बाधाओं, डर, असुरक्षाओं, चिंताओं और परेशानियों को उन पर लिखने के लिए कहा गया। इसके बाद सभी विद्यार्थी विद्यालय के मैदान में एकत्र हुए और सामूहिक रूप से अपने गुब्बारों को खुले आसमान में छोड़ दिया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रतीकात्मक रूप से अपनी नकारात्मक सोच, भय और मानसिक बोझ को पीछे छोड़कर सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
कार्यशाला का संचालन एवं निर्देशन एडीसीजीसी प्रशिक्षु संदीप कुमार, अनीता, ममता भारती, भावना दहिया, प्रियांशी परमार और मेनका ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव को पहचानने, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने तथा कठिन परिस्थितियों का सकारात्मक ढंग से सामना करने के मनोवैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपाय बताए।
विद्यालय की मुख्याध्यापिका प्रियंका, शिक्षिका सुषमा, कृष्ण सर सहित अन्य अध्यापकों ने इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी भावनाओं और परेशानियों को खुलकर व्यक्त करने का अवसर देना उनके मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए बेहद जरूरी है। मुख्याध्यापिका प्रियंका ने विद्यार्थियों को अपनी चिंताओं और डर से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस गतिविधि ने विद्यार्थियों और शिक्षकों पर गहरा सकारात्मक प्रभाव छोड़ा। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नकारात्मक विचारों और मानसिक बोझ को पहचानकर उन्हें सकारात्मक सोच में बदलना आत्म-सम्मान और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



