
बाहरी स्वच्छता के साथ मन की स्वच्छता भी जरूरी : महात्मा गौरा बाई
‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ का संदेश देकर लोगों को किया जागरूक
सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था मानव उत्थान सेवा समिति की कैमरी रोड स्थित इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मानव धर्म के प्रणेता एवं मानवतावादी श्री सतपाल महाराज की प्रेरणा एवं विभु महाराज के मार्गदर्शन तथा शाखा प्रभारी महात्मा गौरा बाई के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस अभियान की शुरुआत कैमरी रोड से की गई। संस्था की ओर से बताया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी देशभर में संस्था के विभिन्न केंद्रों एवं आश्रमों द्वारा 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के साथ-साथ सेवा और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। नगर निगम पार्षद राजेंद्र बिडलान व उनकी पूरी टीम की इस कार्यक्रम में अहम भूमिका रही।
स्वच्छता अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों ने क्षेत्र में सफाई अभियान चलाने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विभिन्न नारों के माध्यम से आमजन को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। ‘श्री सतपाल महाराज का एक ही नारा—स्वच्छ भारत बने हमारा’, ‘जागे हैं, जगाएंगे, स्वच्छता लाएंगे’ और ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
शाखा प्रभारी महात्मा गौरा बाई ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। उन्होंने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी के विचारों के अनुसार परमात्मा के बाद स्वच्छता का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि जिन विकसित देशों की स्वच्छता के क्षेत्र में रैंकिंग भारत से ऊपर है, उसका एक प्रमुख कारण वहां स्वच्छता के प्रति लोगों की जागरूकता और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए बाहरी स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है, लेकिन सामाजिक, नैतिक, चारित्रिक और आत्मिक उत्थान के लिए मन की स्वच्छता भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि मन की शुद्धता एवं आत्मिक विकास के लिए भगवान के सच्चे नाम का स्मरण और ध्यान महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अपने घर, आसपास के क्षेत्र तथा समाज को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान दें। अभियान को सफल एवं सार्थक बनाने में मानव सेवा दल, यूथ विंग, संस्था के सभी सदस्यों के साथ-साथ आमजन का भी पूर्ण सहयोग रहा।



