
कृष्ण सातरोड़ ने सामाजिक सरोकार के साथ मनाया जन्मदिन, बच्चों के बीच पहुंचकर वितरित की खाद्य सामग्री
भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व जिला पार्षद कृष्ण सातरोड़ ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा का जन्मदिन सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए जरूरतमंद बच्चों के बीच मनाया। इस अवसर पर वे तलवंडी स्थित ‘भीख नहीं—किताब दो’ संस्था के विद्यालय पहुंचे और संस्था की संस्थापक अनू चिनिया की मौजूदगी में बच्चों को स्टेशनरी एवं खाद्य सामग्री भेंट की व मिठाई बांटी।
इस दौरान कृष्ण सातरोड़ ने कुमारी सैलजा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुमारी सैलजा के जन्मदिन पर बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें शिक्षा सामग्री उपलब्ध करवाना सामाजिक भावना से प्रेरित प्रयास है।
कृष्ण सातरोड़ ने कहा कि कुमारी सैलजा उन्हें मृदुभाषी, मिलनसार एवं सादगी से परिपूर्ण नेत्री हैं। इसीलिए वे हरियाणा की जनता के दिलों में बसती हैं। उन्होंने कहा कि कुमारी सैलजा ने सदैव समाज के विभिन्न वर्गों के हितों तथा जरूरतमंद लोगों की आवाज को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने ‘भीख नहीं—किताब दो’ संस्था की संस्थापक अनु चिनिया द्वारा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर उनके साथ युवा कांग्रेस के पूर्व हलका प्रधान एडवोकेट मनोज कोहली, युवा कांग्रेस के हलका प्रधान नवीन पूनिया लाडवा, जितेंद्र ढांडा, अखिल, प्रवीन इत्यादि उपस्थित थे।



