हरियाणा

दादरी के अपार स्नेह ने मेरे संकल्प को नई मजबूती दी : कुलदीप बिश्नोई

सिरसा, पानीपत, कुरुक्षेत्र, जींद और कलायत के बाद आज दादरी की धरती पर मिले अपार स्नेह और सम्मान से मन भावुक हुआ है। दादरी के लोगों का यह विश्वास और अपनत्व मेरे लंबे सार्वजनिक जीवन के संकल्प को नई मजबूती और ऊर्जा प्रदान करता है। यह बात पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक चौधरी कुलदीप बिश्नोई ने दादरी में आयोजित स्नेह मिलन समारोह के दौरान कही।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि दादरी से उनका रिश्ता किसी एक चुनाव या राजनीतिक परिस्थिति का नहीं, बल्कि दशकों के विश्वास, अपनत्व और पारिवारिक संबंधों का है। लोकसभा हो या विधानसभा, जब भी उन्होंने दादरी के लोगों से किसी के लिए आशीर्वाद मांगा, लोगों ने उनके कहने का मान रखा। दादरी ने उन्हें कभी पराया नहीं समझा, बल्कि हमेशा अपना माना। इस विश्वास के ऋण को वह कभी नहीं भूल सकते।उन्होंने कहा कि आज दादरी में उमड़ा जनसमूह चौधरी भजनलाल जी की जनसेवा की उस विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिसकी असली ताकत पद नहीं बल्कि लोगों के दिलों में बना रिश्ता था।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उनके लिए यह सम्मान उनके लंबे राजनीतिक सफर और संघर्ष को मिला जनता का आशीर्वाद भी है। उन्होंने कहा, “राजनीति में अच्छे दौर भी देखे और कठिन समय भी। परिस्थितियां बदलीं, रास्ते बदले, लेकिन मैंने अपने सिद्धांतों, अपने साथियों और जनता से अपने रिश्तों के प्रति ईमानदार रहने का प्रयास कभी नहीं छोड़ा। मैंने अपने लोगों का हाथ नहीं छोड़ा और आपने भी अपने स्नेह का हाथ मेरे कंधे से नहीं हटाया।” उन्होंने कहा कि आज पुराने साथियों के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी बड़ी संख्या में साथ देखकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है कि विरासत की जड़ें गहरी हैं और रिश्तों की ताकत आज भी कायम है।
कुलदीप बिश्नोई ने दादरी के सभी साथियों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवाओं तथा चौधरी भजनलाल जी के अनुयायियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दादरी ने उनके सफर को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा, “संघर्ष ने मुझे झुकना नहीं, चलते रहना सिखाया है। आपका विश्वास साथ है तो हौसला भी बुलंद है और संकल्प भी मजबूत। दादरी ने आज इस सफर को नई ऊर्जा दी है, अब कारवां आगे बढ़ेगा।” उन्होंने बताया कि स्नेह मिलन समारोहों की इस कड़ी का अगला पड़ाव सोनीपत होगा, जहां 25 अक्टूबर को साथियों से मुलाकात होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button