टेक्नॉलॉजीलाइफस्टाइल

रूम हीटर जानलेवा हो सकते हैं, जानें ठंड से निपटने के उपाय

ठंड में खान-पान के जरिए शरीर को कैसे गर्म रखें। 

देश की राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में शीतलहर की शुरुआत हो चुकी है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में लोगों ने रूम हीटर और ब्लोअर का सहारा लेना शुरू कर दिया है। कई लोग कमरे को गर्म रखने के लिए पूरा दिन हीटर चलाते हैं। रूम हीटर कमरे को गर्म रखता है, जिससे ठंड से राहत मिलती है। लेकिन ये दो तरह से नुकसान पहुंचाता है।

पहला- सर्दियों में हर साल हीटर या ब्लोअर के चलने से हादसे होने की कई खबरें आती हैं। भीषण सर्दी में हीटर जरूरी तो है, लेकिन गलत तरीके से इस्तेमाल करने या जरा सी लापरवाही बरतने पर कई बार ये जानलेवा भी साबित हो सकता है।

दूसरा- लोग बाहर से आने पर, नहाने के तुरंत बाद या ठंड लगने पर हीटर के तुरंत सामने बैठ जाते हैं। वहीं कुछ लोग रात भर हीटर चला कर सोते हैं। कार में भी कई-कई किलोमीटर तक लोग लगातार हीटर चलाकर ड्राइव करते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक इससे सेहत को कई तरह से नुकसान होता है।

सबसे पहले रूम हीटर के बारे में बात करते हैं…

रूम हीटर कैसे काम करता है?

रूम हीटर के अंदर मेटल रॉड और सिरेमिक कोर लगा होता है।

  • इलेक्ट्रिसिटी मिलते ही गर्म होने के बाद इसमें लगा रॉड हीट जेनरेट करता है।
  • जिससे कमरे का टेम्प्रेचर बढ़ने लगता है।
  • कमरे में मौजूद लोगों को गर्मी का एहसास होने लगता है।
  • इससे कमरे की नमी कम हो जाती है।
  • साथ ही कमरे का ऑक्सीजन लेवल भी कम हो जाता है।
इससे सेहत को नुकसान होता है

ऑक्सीजन की कमी– बंद कमरे में अंगीठी या हीटर जलाने से ऑक्सीजन की कमी होती है, कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ जाती है। इससे लोग बेहोश हो सकते हैं या एक्सट्रीम केसेज में मौत भी हो सकती है।

सांस की बीमारी– ऑक्सीजन की कमी से अस्थमा या एलर्जी की प्रॉब्लम हो सकती है।

स्किन प्रॉब्लम- हीटर से निकलने वाली गर्म हवा से स्किन ड्राई हो जाती है। खुजली और रैशेज की परेशानी हो सकती है।

सिरदर्द- देर तक बैठने से लोगों को सिर भारी होने और नींद न आने की दिक्कतें भी हो जाती हैं।

आंखों को नुकसान- आंखों के स्वस्थ रहने के लिए उनका गीला रहना बहुत जरूरी होता है, लेकिन हीटर की वजह से हवा में मौजूद नमी सूख जाती है, जिसकी वजह से आंखें भी सूखने लगती हैं। इससे आंखों में इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है।

जलने-करंट का डर- हीटर का टेम्प्रेचर अगर ज्यादा रखते हैं तो उसके करीब आने पर बच्चे और पेट्स जल सकते हैं या करंट लग सकता है। इसके अलावा देर तक बैठने से नाक से खून आने की परेशानी भी हो सकती है।

कौन सा हीटर घर या ऑफिस में लगवाना बेहतर हो सकता है?
ऑयल फिल्ड रूम हीटर लगवाना ठीक रहता है। इस हीटर में तेल से भरी पाइप की मदद से कमरे को गर्म किया जाता है। यह कमरे की नमी को नही सोखता, जिससे सांस से रिलेटेड समस्याएं नहीं होती हैं। ऐसे में अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और साइनस के मरीज भी इस हीटर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

अगर घर में रूम हीटर नहीं बल्कि अंगीठी जैसी चीज जलाते हैं, तो किन बातों का ख्याल रखना चाहिए?
अंगीठी में लकड़ी या कोयला जलाने से कॉर्बन मोनोऑक्साइड के साथ कई नुकसानदायक गैस निकलती हैं। यह हेल्थ के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं।

ऐसे में बंद जगह पर अंगीठी बिल्कुल न जलाएं। जब भी अंगीठी जलाएं तो खुली जगह पर जलाएं। जहां वेंटीलेशन की सही व्यवस्था हो।

अंगीठी जलाते समय इन बातों का ध्यान रखें

  • अंगीठी जलाते समय घर की खिड़कियां और दरवाजे खोल दें।
  • बंद कमरे में अंगीठी जलाकर बिल्कुल न सोएं।
  • अंगीठी जलाने के बाद उससे उचित दूरी बनाएं रखें।
  • अंगीठी के पास प्लास्टिक, कपड़ा, कागज जैसी कोई भी चीज न रखें।
  • बच्चों या जानवरों को अंगीठी के पास न जाने दें।

 ठंड में खान-पान के जरिए शरीर को कैसे गर्म रखें।
सर्दियों में खान-पान की कई ऐसी चीजें हैं, जिन्हें खा-पीकर शरीर में गर्माहट रखी जा सकती है। एक-एक करके इन्हें समझते हैं-

शहद- इसमें ढेरों न्यूट्रिएंट्स और नेचुरल शुगर होती है। जो शरीर को ताकत देता है। इससे इम्यूनिटी बूस्ट होती है। बीमारियां होने का रिस्क कम होता है।

घी- घी में मौजूद जरूरी फैटी एसिड्स शरीर को गर्म रखते हैं और सर्दी से बचाव करते हैं।

गुड़- गुड़ में ढेर सारी कैलोरीज होती है, जो शरीर को गर्म रखता है।

दालचीनी- इससे मेटाबॉलिज्म मजबूत होता है। जिससे शरीर में गर्माहट पैदा होती है। दालचीनी का पानी खांसी और दिल के लिए भी फायदेमंद होता है।

केसर- एक कप दूध में 4-5 केसर के धागे उबालकर पीने से सर्दी की परेशानियों से छुटकारा मिलता है। शरीर को गर्माहट मिलती है।

सरसों और तिल का तेल- सरसों और तिल का तेल शरीर को गर्म रखता है। इससे खाने और शरीर पर लगाने से दोनों से फायदा होता है।

अदरक- अदरक चाय का स्वाद बढ़ाने के साथ पाचन तंत्र को भी दुरूस्त रखती है। इससे सर्दियों में होने वाली बीमारियों का खतरा कम होता है।

थोड़ी देर चलाएं रूम हीटर, हादसों से बचने के लिए इन बातों का रखें ख्याल

  • जब भी हीटर का इस्तेमाल करें, तो कमरे में एक कटोरे में पानी भरकर रख दें।
  • हीटर का एक सही टेम्प्रेचर सेट कर दें या कुछ देर बाद बंद कर दें।
  • हीटर का इस्तेमाल करने से पहले उसकी सर्विसिंग जरूर करवा लें।
  • जब भी हीटर चलाएं, तो कमरे के दरवाजे और खिड़की खोल दें।
  • इससे कमरे में हवा साफ और ऑक्सीजन का लेवल बना रहता है।
  • बच्चों और बुजुर्गों के कमरे में हीटर का इस्तेमाल टेम्प्रेचर बैलेंस करने के लिए करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button