
स्वच्छ सेक्टर-स्वच्छ हिसार हमारा सेवा संकल्प है : धर्मवीर पानू
जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मिली नई मजबूती, नगर निगम की टीम ने भी किया सहयोग
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर 33 में जनभागीदारी से भव्य सफाई अभियान का आयोजन किया गया। सेक्टर 33 वेलफेयर सोसायटी के प्रधान धर्मवीर पानू के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सेक्टरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। नगर निगम हिसार के सहयोग से चलाए गए इस अभियान में सफाई कर्मचारियों एवं सेक्टरवासियों ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रधान धर्मवीर पानू ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहली आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
धर्मवीर पानू ने कहा कि “स्वच्छ सेक्टर-स्वच्छ हिसार हमारा सेवा संकल्प है।” उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन का मूलमंत्र है और इसी भावना के साथ सेक्टर 33 वेलफेयर सोसायटी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सेक्टरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
सफाई अभियान में पहुंचने पर प्रधान धर्मवीर पानू ने नगर निगम हिसार की टीम, सफाई कर्मचारियों तथा सेक्टर 33 के सभी निवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम और नागरिकों के आपसी सहयोग से स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनभागीदारी वाले अभियानों को निरंतर जारी रखने की बात कही। अभियान के दौरान भाजपा की हिसार जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि टीनू जैन, एएसआई विजेता, आईटी एक्सपर्ट हरिराम, महासचिव बलविंदर सिंह, धर्म सिंह खटकड़, बलबीर भूंबक, सविता कपूर, रेनू सिहाग, गुरुदत्त शर्मा, नारायण सिंह चावला, दयानंद भूक्कल, वीर सिंह राव, मोहनलाल, बालककिया, धर्मेंद्र मलिक, पारुल आहूजा, देशराज बवेजा, अमित गर्ग, अनुपम जावा, दिनेश चुग तथा सुपरवाइजर अंकित शर्मा सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान सभी ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा सेक्टर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।



