हरियाणा

भारत विकास परिषद हरियाणा पश्चिम प्रांत द्वारा राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन

6 जिलों की 19 टीमों ने लिया प्रान्त स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
डीपीएस सिरसा प्रथम, सेंट जोसफ स्कूल हिसार द्वितीय व शाह सतनाम गर्ल्स स्कूल सिरसा रहा तृतीय
भारत विकास परिषद्, हरियाणा पश्चिम प्रान्त की विवेकानंद शाखा हिसार के तत्वावधान में दी आर्यन स्कूल, हिसार में प्रान्त स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान एवं संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा पश्चिम प्रान्त के छह जिलों से कुल 19 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी टीमों ने पहले हिन्दी तथा उसके बाद संस्कृत में समूहगान प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभावना का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिरसा ने प्रथम स्थान, सेंट जोसफ स्कूल, हिसार ने द्वितीय स्थान तथा शाह सतनाम गर्ल्स स्कूल, सिरसा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल 152 विद्यार्थियों, जिनमें 146 छात्राएं एवं 6 छात्र शामिल रहे, ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हिसार की विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कमलेश गर्ग, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव ने की। कार्यक्रम में दी आर्यन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन श्योराम अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि अनिल गोयल, सदस्य गौ सेवा आयोग तथा संजय डालमिया, पार्षद हिसार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को पवन कुमार, विभाग संघ चालक, आरएसएस हिसार का सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम पर्यवेक्षक हरिओम भारद्वाज, क्षेत्रीय संयोजक संस्कार रहे। भारत विकास परिषद् हरियाणा पश्चिम प्रान्त के अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित प्रांतीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि श्रीमती सावित्री जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि यह हिसार के लिए गौरव की बात है कि हरियाणा पश्चिम प्रान्त के विभिन्न क्षेत्रों से टीमें हिसार पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और संस्कृत भाषा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रांतीय गतिविधि संयोजक संस्कार हुक्म चन्द गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रान्त के छह जिलों से 19 टीमों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने हिन्दी एवं संस्कृत में समूहगान प्रस्तुत किए। प्रान्त की ओर से आमंत्रित तीन निर्णायकों ने प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन करने के बाद परिणाम घोषित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं सामूहिकता की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की सफलता में विवेकानंद शाखा की मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा। निर्धारित ड्रेस कोड में मातृशक्ति द्वारा सेवा, अनुशासन और समर्पण भाव से की गई व्यवस्थाओं ने कार्यक्रम की गरिमा और आकर्षण को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के आयोजकों रामनिवास वर्मा, प्रांतीय महासचिव; गौरव गुप्ता, प्रांतीय वित्त सचिव तथा हुक्म चन्द गोयल, प्रांतीय संयोजक संस्कार ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, विद्यालयों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
हिसार विवेकानंद शाखा की ओर से राजेश जैन, शाखा अध्यक्ष; सूर्या गोयल, शाखा सचिव; आशीष जैन, शाखा वित्त सचिव; हेमन्त बंसल, शाखा संयोजक संस्कार सहित समस्त कार्यकारिणी एवं सदस्यगण ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button