श्री राधा कृष्ण बड़ा मंदिर के तत्वाधान में भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ 9 फरवरी से 15 फरवरी तक
पंडित प्रेम कुमार द्वारा किया जाएगा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन

एंटिक ट्रुथ | हिसार
श्री राधा कृष्ण बड़ा मंदिर के तत्वावधान में संगीतमयी भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का कार्यक्रम 9 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। मंदिर के महंत राहुल शर्मा ने बताया कि इस पवित्र कार्यक्रम में भागवत कथा का वाचन पंडित प्रेम कुमार कौशिक द्वारा किया जाएगा। 15 फरवरी को भागवत सप्ताह समापन के अवसर पर हवन यज्ञ व भंडारे का कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि श्री राधा कृष्ण बड़ा मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम समय-समय पर होते रहते हैं जिनके अंतर्गत प्रतिदिन 2 घंटे का संकीर्तन, अमावस्या पूर्णिमा, एकादशी व बारस को विशेष संकीर्तन कार्यक्रम किया जाता है। इसी के अंतर्गत एकादशी पर मंगलवार को श्री बांके बिहारी संकीर्तन मंडल द्वारा मंदिर प्रांगण में संकीर्तन किया गया। संकीर्तन में शैलेंद्र शर्मा व पूजा शर्मा ने अपने मधुर स्वरों से मंदिर प्रांगण को आनंदमयी कर दिया। संकीर्तन के साथ गोपी गीत का भी पाठ किया गया। उन्होंने बताया कि गोपी गीत की विशेषता यह है कि यह श्री मद्भागवत (जो कि श्री बांके बिहारी जी का स्वरूप है) और भागवद् जी का दशम स्कंध जो कि बिहारी जी का हृदय है, और दशम स्कंध के मध्य में रास पंचाध्यायी जिसमें यह गोपी गीत है, जो श्री बिहारी जी के प्राण हैं। जो नित्य गोपी गीत का पाठ करता है, उसे मरणोपरांत नहीं, बल्कि जीवन काल में ही श्री बिहारी जी के दर्शन होजाते हैं। एकादशी को तो अवश्य ही गोपी गीत का पाठ करना चाहिए। प्रत्येक महीने की पहली एकादशी को श्री बांके बिहारी संकीर्तन मंडल द्वारा श्री राधा कृष्ण बड़ा मंदिर प्रांगण में संकीर्तन एवं गोपी गीत का पाठ किया जाएगा।
इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में सभी भक्तजनों के साथ-साथ श्री बांके बिहारी संकीर्तन मंडल के सदस्यगण नरेश पाल, अमित नागपाल, हिमांशु कपूर, संजीव पटेरिया, सात्विक एवं सूरज उपस्थित थे।



