अन्यहरियाणाहिसार

आदमपुर में कुलदीप व भव्य बिश्नोई ने ग्रामीणों से किया संवाद, विकास कार्यों पर की चर्चा

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप बिश्नोई तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आदमपुर भव्य बिश्नोई ने मंगलवार को आदमपुर हलके के गांव किशनगढ़ और खारा बरवाला में आयोजित विभिन्न जलपान कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की और गांवों में चल रहे विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में विस्तृत चर्चा की।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कुलदीप बिश्नोई और भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर और भजनलाल परिवार का रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चला आ रहा पारिवारिक रिश्ता है। आदमपुर के लोगों ने सदैव परिवार को अपना प्यार, विश्वास और आशीर्वाद दिया है और इस रिश्ते को और मजबूत करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और आदमपुर की जनता की सेवा उनके लिए राजनीति से कहीं बढ़कर है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों में आदमपुर हलके में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई के खाल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर की हर जायज मांग को सरकार तक पहुंचाकर उसे पूरा करवाना उनका प्रथम दायित्व है।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समान रूप से विकास को गति दे रही है। आदमपुर हलके के विकास के लिए भी सरकार से लगातार संपर्क एवं संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा जो भी आवश्यक कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
भव्य बिश्नोई ने शिक्षा के क्षेत्र में आदमपुर को मिली एक महत्वपूर्ण सौगात की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी मांग पर गांव काबरेल के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए हरियाणा शिक्षा विभाग द्वारा ₹87.66 लाख की राशि मंजूर की गई है।
उन्होंने कहा कि इस राशि से विद्यालय में नई बिल्डिंग के 7 कमरों का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और स्कूल की आधारभूत सुविधाओं में महत्वपूर्ण विस्तार होगा।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के भविष्य की नींव होती है। इसलिए आदमपुर हलके के सरकारी विद्यालयों में बेहतर भवन, पर्याप्त कमरे और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। काबरेल के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के लिए मंजूर हुई यह राशि इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और सिंचाई सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
कुलदीप बिश्नोई और भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर की जनता ने जिस विश्वास और अपनत्व के साथ भजनलाल परिवार को हमेशा अपना आशीर्वाद दिया है, उस विश्वास को विकास और सेवा के माध्यम से मजबूत करना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आदमपुर के विकास की यात्रा निरंतर जारी रहेगी और हलके के हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान नलवा  के विधायक रणधीर पनिहार भी मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button