अन्यहरियाणाहिसार

रोटरी सेंट्रल डायनमिक ने बच्चों को बांटी स्टेशनरी और खाद्य सामग्री

रोटरी सेंट्रल डायनमिक क्लब की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत ‘भीख नहीं, किताब दो’ संस्था के प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब प्रधान रो. मीनू मलिक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने संस्था में शिक्षा प्राप्त कर रहे 62 बच्चों को स्टेशनरी, खाद्य सामग्री तथा विद्यालय की पुस्तकालय में उपयोग होने वाली पाठ्य सामग्री भेंट की।
इस अवसर पर क्लब की सदस्यों ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति निरंतर प्रेरित किया। संस्था के परिसर में बच्चों के लिए बनाए गए आनंदमय वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा संस्थापकों द्वारा की गई उचित व्यवस्थाओं की क्लब सदस्यों ने सराहना की। बच्चों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा भीख मांगने की प्रवृत्ति से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जब बच्चों से पूछा गया कि वे पढ़-लिखकर भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ अपने लक्ष्य बताए। किसी ने डॉक्टर, किसी ने इंजीनियर तो किसी ने अधिकारी बनने की इच्छा जताई। बच्चों ने कहा कि वे जीवन में आगे बढ़कर अपने परिवार और देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
क्लब की पूर्व प्रधान रो. नीरजा खन्ना ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अच्छे संस्कार, अनुशासन और शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही दिशा और अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. किरण मेहता एवं रो. उर्मिल मेहता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रो. अंजू ठकराल, सचिव रो. मनीषा मेहता, कोषाध्यक्ष रो. वीना ग्रोवर, रो. गीता खुराना, रो. अर्चना ठकराल, रो. कृष्णा खेड़ा, रो. लाज मलिक तथा रो. शिखा नागपाल की विशेष सहभागिता रही। क्लब की ओर से समय-समय पर इसी प्रकार के सामाजिक एवं सेवा कार्य किए जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में क्लब प्रधान रो. मीनू मलिक ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चित्र परिचय : रोटरी सेंट्रल डायनमिक क्लब की पदाधिकारी ‘भीख नहीं, किताब दो’ संस्था के बच्चों को स्टेशनरी एवं खाद्य सामग्री भेंट करते हुए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button