
ओडीएम महिला महाविद्यालय, मुकलान में जीजेयूएसटी की अंतर-महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन; लड़कों एवं लड़कियों
के वर्ग में सीआरएमजाट कॉलेज, हिसार ने जीते स्वर्ण पदक
हिसार, 13 अक्टूबर 2026 : ओडीएम महिला महाविद्यालय, मुकलान में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार की दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता (लड़कों एवं लड़कियों के वर्ग) का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में सीआरएम जाट कॉलेज, हिसार की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों एवं लड़कियों, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किए।
लड़कों के वर्ग में परिणाम
लड़कों के वर्ग में सीआरएम जाट कॉलेज, हिसार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, हिसार की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
लड़कियों के वर्ग में परिणाम
लड़कियों के वर्ग में भी सीआरएम जाट कॉलेज, हिसार की टीम प्रथम स्थान पर रही और स्वर्ण पदक हासिल किया। एस.डी. महिला महाविद्यालय, हांसी की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि मेजबान ODM महिला महाविद्यालय, मुकलान की टीम तीसरे स्थान पर रही।
कुलपति डॉ. विजय अरोड़ा ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
समापन समारोह में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति डॉ. विजय अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, सिमकॉर्ड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. राजेश धमीजा, जिला पार्षद अनिल शर्मा तथा विश्वविद्यालय के खेल निदेशक श्री शशि भूषण लूथरा विशिष्ट अतिथियों के रूप में समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. विजय अरोड़ा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहयोग, धैर्य और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। प्रत्येक खिलाड़ी को परिणाम की चिंता किए बिना पूरी मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुलपति डॉ. विजय अरोड़ा एवं कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने विजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कीं तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
‘एक चंदन का पौधा बेटी के नाम’ अभियान का संदेश
जिला पार्षद अनिल शर्मा ने इस अवसर पर ‘एक चंदन का पौधा बेटी के नाम’ अभियान के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा बेटियों के सम्मान और प्रोत्साहन का संदेश दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय प्रबंधन ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत ओडीएम महिला महाविद्यालय, मुकलान के निदेशक डॉ. अजीत सिंह एवं प्राचार्या श्रीमती
शशि अहलावत ने किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, अतिथियों, निर्णायकों, कोचों एवं सभी प्रतिभागी टीमों का आभार व्यक्त किया महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को मजबूत बनाती हैं। ओडीएम महिला महाविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सीआरएम जाट कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र बाजिया, प्रो. सुखबीर सिंह, प्रो. जगबीर बूरा, शक्तिवेश आर्य, डॉ. अंजू दुहन, डॉ. ईशु, डॉ. शीला आर्य तथा महाविद्यालय के खेल प्रशिक्षक महेश कुमार सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।



