
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरी के प्राचार्य यशपाल मोर को राज्य शिक्षक अवार्ड मिलने पर अध्यापक सम्मान समिति खैरी द्वारा ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों के सहयोग से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर गाँव में खुशी और गर्व का माहौल रहा। ग्रामीणों ने प्राचार्य को सम्मानित करते हुए इसे पूरे गाँव के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यशपाल मोर को राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, शिक्षा के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतीक है। उनकी उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे गाँव का मान-सम्मान बढ़ा है। यह सम्मान समाज में शिक्षा और शिक्षक के महत्व को भी रेखांकित करता है।
इस अवसर पर प्राचार्य यशपाल मोर ने अध्यापक सम्मान समिति, ग्राम पंचायत एवं समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे भविष्य में भी विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। समारोह में अध्यापक सम्मान समिति के सदस्य, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, गणमान्य ग्रामीण एवं विद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।



