विश्व पर्यावरण दिवस पर विश्वास सीनियर सैकेंडरी स्कूल में किया गया पौधारोपण

एंटिक ट्रुथ | हिसार
अर्बन एस्टेट स्थित विश्वास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इको क्लब मिशन के अंतर्गत विज्ञान विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का आयोजन किया गया। इस अभिनव और भावनात्मक पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज को दिया। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य दोहरे सम्मान को उजागर करना था। मातृत्व के पोषणकारी स्वरूप और वृक्षों की जीवनदायिनी भूमिका को समझाना। जिस प्रकार एक माँ जीवन को संवारती है, उसी प्रकार पेड़ भी पृथ्वी को जीवन प्रदान करते हैं। इसी भावना के साथ विद्यार्थियों ने अपनी माँ के नाम पर पौधे लगाकर इस दिन को खास बना दिया।
विद्यालय प्राचार्य दिनेश चंद्र सेमवाल ने कहा कि यह पहल बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और अपनी जड़ों के प्रति सम्मान की भावना को जगाती है। मातृत्व और प्रकृति दोनों की पूजा समान रूप से होनी चाहिए। विद्यालय प्रांगण में भी वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर आने वाली पीढिय़ों के लिए एक हरित संदेश छोड़ा। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा व्यक्तिगत सहभागिता से ही संभव है, और यदि हर बच्चा एक पेड़ लगाकर उसका पालन-पोषण करे, तो यह धरती निश्चित ही और सुंदर और सुरक्षित बन सकती है।


