
एंटिक ट्रुथ | हिसार
आज न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल ने नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, कचरे के सही निपटान, और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. वैशाली शर्मा, कमिश्नर नगर निगम, हिसार विशेष रूप से उपस्थित हुईं जिनका सम्पूर्ण विद्यालय परिवार की स्कूल की ओर से स्वागत किया गया। डॉ. वैशाली शर्मा स्वच्छता और सतत विकास की प्रबल समर्थक हैं और इस दिशा में प्रेरणादायक कार्य कर रही हैं।
अपने संबोधन में डॉ. वैशाली शर्मा ने स्वच्छता को एक आदत और जीवनशैली के रूप में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी को छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इससे एक बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। डॉ. वैशाली शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को कचरे को कम करने, प्लास्टिक का उपयोग न करने, संसाधनों का संरक्षण करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायक कविता व मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने प्रभावशाली नाटिका के माध्यम से स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जिसमें प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभाव और इसे कम करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का समापन ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ, जहाँ विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए। एनवाईपीएस में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल स्वच्छता के महत्व को उजागर किया, बल्कि सभी को अधिक जिम्मेदार और पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी।



