विश्वास सी.सै. स्कूल में ‘हैप्पी क्लासरूम’ कार्यशाला का आयोजन
सी.बी.एस.ई. के कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत हुआ कार्यशाला का आयोजन

एंटिक ट्रुथ | हिसार
अर्बन इस्टेट स्थित विश्वास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बृहस्पतिवार को सी.बी.एस.ई. के कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षण को अधिक प्रभावी एवं आनंददायक बनाने के उद्देश्य से ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला सीबीएसई द्वारा नामित प्रशिक्षित रिसोर्स पर्सन स्वाज शर्मा एवं दीप कौर द्वारा संचालित की गई।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों के साथ संवादात्मक गतिविधियां एवं रोचक चर्चा सत्र आयोजित किए गए, जिनमें यह समझाया गया कि किस प्रकार एक शिक्षक कक्षा के वातावरण को सकारात्मक, सहयोगात्मक एवं प्रेरक बना सकता है। कार्यशाला में भाग लेने वाले शिक्षकों ने हर्षपूर्वक भागीदारी की और ‘हैप्पी क्लासरूम’ की अवधारणा को व्यवहार में अपनाने के लिए नई प्रेरणा प्राप्त की। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और ये छात्रों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



