अन्य

विधायक रणधीर पनिहार, विधायक नलवा ने माउंट आबू राजस्थान में ब्रह्माकुमारीज़ के वार्षिक सम्मेलन में लिया भाग

आध्यात्मिक मूल्यों के साथ विकसित भारत के निर्माण में ब्रह्माकुमारीज़ का योगदान सराहनीय
नलवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर पनिहार ने माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के मुख्यालय में आयोजित सोशल विंग के वार्षिक सम्मेलन में भाग लिया। हिसार सब-जोन की प्रभारी राजयोगिनी बीके रमेश कुमारी एवं सोशल विंग की ओर से उन्हें सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ के मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
सम्मेलन में देशभर से 2000 से अधिक समाजसेवियों एवं ब्रह्माकुमारीज़ संस्था से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित ब्रह्माकुमारीज़ सोशल विंग की चेयरपर्सन बीके संतोष दीदी , वाइस चेयरपर्सन बीके प्रेम भाई, नेशनल कोऑर्डिनेटर बीके अवतार भाई, एडिशनल नेशनल कोऑर्डिनेटर बीके ई.वी. गिरीश तथा मुख्यालय समन्वयक बीके बीरेंद्र भाई सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रणधीर पनिहार ने ब्रह्माकुमारीज़ के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे हिसार स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के पीस पैलेस केंद्र से पहले से परिचित हैं। उन्होंने बताया कि जब श्रीमती द्रौपदी मुर्मु महामहिम राष्ट्रपति हिसार पधारे थे, उस अवसर पर भी उन्होंने पीस पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में बतौर हलका विधायक शिरकत की थी। इसके अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ भी वे ब्रह्माकुमारीज़ के पीस पैलेस सहित विभिन्न अवसरों पर संस्था के कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं।
श्री पनिहार ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के बारे में हम जितना जानते हैं, वह पहले से ही प्रशंसनीय है, लेकिन जब संस्था के कार्यों को क़रीब से देखने का अवसर मिलता है तो इसकी व्यापकता, समर्पण और सेवा भावना वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ एक ओर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं सहित विभिन्न वर्गों को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। आध्यात्मिकता, राजयोग एवं सामाजिक सेवा के माध्यम से समाज में जागृति लाने के ब्रह्माकुमारीज़ के प्रयास सराहनीय हैं।
अपने अनुभव को साझा करते हुए रणधीर पनिहार ने बताया कि उन्होंने प्रातः 4 बजे राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी किया। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन के दौरान उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ और ऐसा महसूस हुआ जैसे ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा हो।
सम्मेलन में हिसार सेवा केंद्र की राजयोगिनी बीके अनिता दीदी के नेतृत्व में नगर से भी गणमान्य समाजसेवी उपस्थित रहे।
रणधीर पनिहार ने सम्मेलन के आयोजकों तथा हिसार सब-जोन की प्रभारी राजयोगिनी बीके रमेश कुमारी दीदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button