
आचार्य श्री तुलसी दूरदर्शी, महान चिंतक और साधना के शिखर पुरुष थे : साध्वीश्री यशोधरा
अणुव्रत समिति हिसार की ओर से अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री यशोधरा एवं शासनश्री साध्वीश्री पशरमरती के पावन आशीर्वाद तथा अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के दिशानिर्देशन में आचार्य श्री तुलसी के 113वें जन्मोत्सव (अणुव्रत दिवस) पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, हिसार में प्राचार्य प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए निशुल्क दंत चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अमेरिकन डेंटल क्लिनिक के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक नागपाल और आयुर्वेद आचार्य डॉ. संजय मुंजाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय कौशिक, रजत गुप्ता और अर्जुन ठाकुर शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत गीत से हुआ।
इस अवसर पर साध्वीश्री यशोधरा ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी एक दूरदर्शी, महान चिंतक और साधना के शिखर पुरुष थे। मात्र 11 वर्ष की आयु में तेरापंथ धर्मसंघ के अष्टमाचार्य परम पूज्य कालूगणी के करकमलों से दीक्षित होकर उन्होंने अध्ययन की गहराई में प्रवेश किया। इसी का परिणाम था कि 16 वर्ष की अल्पायु में वे कुशल शिक्षक बन गए। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर अनेक संत विद्वान बने। वे मात्र 22 वर्ष की आयु में आचार्य पद पर प्रतिष्ठित हुए। उनके कठोर अनुशासन में रहने वाले मुनि नथमल जी उनके कुशल उत्तराधिकारी बने, जिन्हें लोग विवेकानंद के नाम से भी जानते हैं।
डॉ. दीपक नागपाल ने अपने संबोधन में आचार्य श्री तुलसी के संदेशों और शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य प्रताप सिंह ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। उनके प्रयासों से समाज को स्वस्थ, मस्त और विश्वस्त बनाने की दिशा में प्रेरणा मिली तथा घूंघट प्रथा, दहेज प्रथा, बाल विवाह और मृत्युभोज जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता बढ़ी।
अणुव्रत समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि आज समाज हिंसा, भ्रष्टाचार, नशाखोरी, नैतिक मूल्यों में गिरावट, सामाजिक असहिष्णुता और पर्यावरणीय चुनौतियों जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। ऐसे समय में अणुव्रत आंदोलन का संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है।
कार्यक्रम के दौरान अणुव्रत समिति की ओर से अतिथियों को अणुव्रत पट्टका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, सुनील मित्तल, प्रेम सिंह, जगदीश राय गर्ग, जयभगवान लाडवाल, नितिन कुमार अग्रवाल, हरीश कुमार, इन्द्रेश प्रसाद पांडे, विद्यालय का स्टाफ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




