
श्याम भक्ति के रंग में रंगा हिसार, भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
श्री श्याम शरणम् समिति (रजि.), हिसार की ओर से रविवार को महाराजा अग्रसेन भवन में चतुर्थ श्री श्याम वंदना महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शाम 5:15 बजे गणेश वंदना और बाबा श्याम की आरती के साथ शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन देर रात तक भक्ति और संकीर्तन की अविरल धारा में चलता रहा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरा अग्रसेन भवन ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा।
कुंज बिहारी दास के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
महोत्सव का मुख्य आकर्षण वृंदावन धाम से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक कुंज बिहारी दास महाराज रहे। मंच पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने ‘हमारे माई श्यामा जू को राज’, ‘लाडो प्यारी मेरी है, मेरो है बरसाना’, ‘राधा रानी से मिलना बड़ा जरूरी’, ‘मेरे बांके बिहारी लाल इतना ना करियो सिंगार, नजर तोहे लग जाएगी’, ‘सखी री बरसाने में लाडली लाड आज प्यार लुटाती है’, ‘बांके बिहारी जी के हम हो गए’, ‘तुमने सबकी करी तरक्की, मेरी तरक्की कर दो, चरणों का सेवक रख लो, श्याम नौकरी पक्की कर दो’ और ‘मुझे अपना बना ले’ जैसे भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।
उनकी प्रस्तुतियों पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी श्रद्धालु हाथ उठाकर झूमते नजर आए। भजनों के बीच गूंजते जयकारों से पूरा परिसर श्याममय हो गया।
भजन गायिका ज्योति पाल ने भी अपनी सुरीली आवाज में बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने ‘मुरली वाले आजा, तेरी याद सताए, मेरा ये भरोसा कहीं टूट न जाए’, ‘श्याम तेरे दर पे आया हूं, खाली हाथ न जाऊंगा’ और ‘तू खाटू बुलाता रहे, मैं आता रहूं’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर महिला श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साह दिखाया।
इसके बाद हिसार के भजन गायक प्रवीण अग्रवाल, कृष्ण गाबा और सुशील अग्रवाल ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। विशेष रूप से कृष्ण गाबा की प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालु मंच के सामने पहुंचकर नृत्य करते दिखाई दिए।
महाराज अनुज पुजारी ने दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर सालासर धाम से पधारे महाराज अनुज पुजारी का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जो भक्त सच्चे मन और पूर्ण श्रद्धा से बाबा श्याम का स्मरण करता है, बाबा उसकी जीवन की बाधाओं को दूर कर उसकी नैया पार लगाते हैं। उन्होंने समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
फूलों से सजा बाबा श्याम का अलौकिक दरबार बना आकर्षण
महोत्सव में फूलों से सजा बाबा श्याम का भव्य दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। लाल, पीले, गुलाबी और सफेद फूलों से सजे दरबार में बाबा का अलौकिक श्रृंगार सभी को मंत्रमुग्ध कर रहा था। मोरपंखों की सजावट, इत्र की मनमोहक सुगंध और फूलों की खुशबू से पूरा भवन भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आरती के बाद भजन गायकों की एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने महोत्सव को भक्ति और उल्लास से भर दिया।
समिति सदस्यों ने निभाई अहम भूमिका
महोत्सव को सफल बनाने में श्री श्याम शरणम् समिति की पूरी कार्यकारिणी और सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति प्रधान शिव कुमार कंसल, संरक्षक सुभाष गोयल, उत्सव प्रधान राजेश बंसल, उपप्रधान राकेश गुप्ता, सचिव कुलदीप ग्रोवर, कोषाध्यक्ष राहुल बंसल, संयोजक बिजेंद्र बैनिवाल एवं प्रवीन बंसल सहित सभी सदस्यों ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला।
महोत्सव के समापन पर समिति की ओर से सभी भजन गायकों को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन में पहुंचे संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। श्याम भक्ति, संकीर्तन और जयकारों से सराबोर यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए यादगार आध्यात्मिक अनुभव बन गया।



