
टेंडर फीट स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्नों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग
जवाहर नगर की गली नंबर 12 स्थित टेंडर फीट स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। प्रतियोगिता में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता तथा अभिनय कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी विभिन्न प्रेरणादायक और आकर्षक किरदारों में सजकर पहुंचे। कोई वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के रूप में नजर आया तो कोई डॉक्टर, अध्यापक और पुलिस अधिकारी बना। वहीं, कुछ बच्चों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण कर देशभक्ति का संदेश दिया।
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने किरदार का परिचय देते हुए उसके महत्व के बारे में एक से दो मिनट तक पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ विचार प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा, प्रभावशाली संवाद अदायगी और शानदार मंच प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। अध्यापकों ने भी बच्चों की प्रतिभा और प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या नर्मदा सिंह ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। फैंसी ड्रेस जैसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और मंच पर बोलने की कला विकसित होती है। साथ ही, उन्हें विभिन्न महापुरुषों, महान व्यक्तित्वों और समाज के महत्वपूर्ण पेशों के बारे में जानने का अवसर भी मिलता है।


