
आदमपुर क्षेत्र की गौशालाओं को 3.16 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि वितरित
आदमपुर, 19 नवंबर। आदमपुर स्थित चौधरी कुलदीप बिश्नोई के आवास (107 कार्यालय) में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार एवं पूर्व
विधायक रेणुका बिश्नोई ने क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधियों को कुल 3,16,05,213 रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर बालसमंद, सदलपुर, डोबी, मंडी आदमपुर, काबरेल, कालीरावण, खासा महाजन, कोहली, मिंगनीखेड़ा, फ्रांसी, जगाण, आदमपुर, चौधरीवाली, चूली बागड़ियान और लाडवी सहित विभिन्न गांवों की गौशालाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान रेणुका बिश्नोई ने कहा कि गौवंश की रक्षा, सेवा और संरक्षण हमारी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। गौशालाएं इस पुनीत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना गौवंश के बेहतर रखरखाव, चारे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आदमपुर क्षेत्र की कई गौशालाओं को अनुदान राशि मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रेणुका बिश्नोई ने गौशालाओं को अनुदान राशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश संरक्षण और गौशालाओं में सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने गौशाला संचालकों एवं प्रतिनिधियों द्वारा गौसेवा और गौवंश के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।



