
एशियन एमेच्योर ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप-2026 में डॉ. पुनीत इंदौरा ने हासिल किया चौथा स्थान
बैंकॉक (थाईलैंड)/हिसार। एशियन एमेच्योर शतरंज चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी डॉ. पुनीत इंदौरा ने ब्लिट्ज स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से भारतीय शतरंज जगत में खुशी का माहौल है।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तेज गति से खेले जाने वाले ब्लिट्ज प्रारूप के मुकाबलों में डॉ. पुनीत इंदौरा ने अपनी रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कड़े मुकाबलों के बीच शीर्ष चार खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई।
डॉ. पुनीत इंदौरा की इस उपलब्धि को भारतीय शतरंज के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके शानदार प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है और हरियाणा के खेल जगत को भी गौरवान्वित किया है।
उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों, शतरंज खिलाड़ियों और शुभचिंतकों ने बधाई दी। साथ ही, उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।



