
राजीव नगर से सेक्टर 1-4 मार्ग को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए चलाया हस्ताक्षर अभियान
हिसार, 22 नवंबर। वार्ड नंबर 8 स्थित राजीव नगर से सेक्टर 1-4 की ओर जाने वाले मार्ग पर रविवार सुबह स्वच्छता के प्रति
जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों से मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने और इसे साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाने में सहयोग देने की अपील की गई।
इस अवसर पर वार्ड-8 के पार्षद रवि सैनी जमालपुरिया, वार्ड-6 के पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप ओड तथा ग्रीन हिसार फिट हिसार संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान संस्था की टीम के सदस्य राजेंद्र सिंह ने लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपने घरों को साफ-सुथरा और सुंदर रखते हैं, उसी प्रकार इस मार्ग को भी अपना घर समझकर स्वच्छ बनाए रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।
वार्ड-8 के पार्षद रवि सैनी जमालपुरिया ने लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक क्षेत्रवासी इस मिशन से जुड़ें और सामूहिक प्रयासों से इस वीरान एवं उपेक्षित स्थान को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने का संकल्प लें। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सहयोग से नवनिर्मित सड़क के किनारे नहर की ओर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसमें स्थानीय निवासी बढ़-चढ़कर श्रमदान करें।
वहीं, वार्ड-6 के पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप ओड ने क्षेत्रवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और आसपास के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति इस मार्ग या खुले स्थान पर कचरा फैलाता है, तो इसकी शिकायत तुरंत स्थानीय पार्षद या संस्था को दी जानी चाहिए।
ग्रीन हिसार फिट हिसार संस्था ने विश्वास जताया कि यदि सभी क्षेत्रवासी मिलकर इस अभियान में सहयोग करें, तो निश्चित रूप से मार्ग की तस्वीर बदली जा सकती है और इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।



