शिक्षाहरियाणाहिसार

ओडीएम महाविद्यालय और कृष्णा वैदिक गुरुकुल के बीच एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा

एसएससी, बैंकिंग, रेलवे और पुलिस भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए हिसार में कोचिंग, लाइब्रेरी और आवास की सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल

ओडीएम महाविद्यालय और कृष्णा वैदिक गुरुकुल के बीच एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा

हिसार, 27 नवंबर। ओडीएम महाविद्यालय, मुकलान, हिसार और कृष्णा वैदिक गुरुकुल के बीच विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। ओडीएम महाविद्यालय की ओर से निदेशक डॉ. अजीत सिंह और कृष्णा वैदिक गुरुकुल की ओर से निदेशक इंद्रपाल बेनीवाल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर महाविद्यालय की उपप्राचार्या शशि अहलावत और कृष्णा वैदिक गुरुकुल की ओर से संदीप बेनीवाल भी उपस्थित रहे।

इस समझौते का उद्देश्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों को एसएससी, सीजीएल, बैंकिंग, रेलवे और पुलिस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी करवाना है। इससे विद्यार्थी अपनी डिग्री की पढ़ाई के साथ-साथ सरकारी नौकरियों और अन्य रोजगार अवसरों के लिए भी बेहतर ढंग से तैयारी कर सकेंगे।

महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगभग तीन वर्ष पहले ओडीएम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई थी। इसका उद्देश्य डिग्री शिक्षा के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध करवाना है। कृष्णा वैदिक गुरुकुल के साथ हुआ यह एमओयू इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत विद्यार्थियों को गुरुकुल की नियमित कक्षाओं के साथ ऑनलाइन गुरुकुल ऐप के माध्यम से भी पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस पहल के अंतर्गत महाविद्यालय के जवाहर नगर स्थित सिटी कार्यालय में गर्ल्स गुरुकुल और लाइब्रेरी की शुरुआत भी की गई है। यहां छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कक्षाओं, पुस्तकालय और आवास की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उनके अनुसार, हिसार सहित देश के कई राज्यों से छात्राएं यहां पंजीकरण करवा चुकी हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देना और उन्हें अपने करियर के लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कृष्णा वैदिक गुरुकुल के निदेशक इंद्रपाल बेनीवाल ने बताया कि गुरुकुल में विद्यार्थियों को मोबाइल फोन से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इससे उनमें अनुशासन, एकाग्रता और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने में मदद मिलती है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण है।

डॉ. अजीत सिंह ने एमओयू पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सक्षम बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को कोचिंग के लिए दिल्ली या अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें हिसार में ही पढ़ाई, कोचिंग, लाइब्रेरी और आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

छात्राओं के लिए विशेष सुविधाएं

गुरुकुल में छात्राओं के लिए भोजन और आवास के साथ मेंटरशिप तथा नियमित डाउट सेशन की व्यवस्था रहेगी। डे-स्कॉलर छात्राओं को सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक नियमित और अनुशासित अध्ययन की सुविधा मिलेगी। प्रवेश के लिए कुल 30 सीटें निर्धारित की गई हैं।

नियमित और दूरस्थ शिक्षा के पाठ्यक्रम

महाविद्यालय में नियमित स्नातक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत बीए, बीकॉम, बीएससी लाइफ साइंस और बीएससी फिजिकल साइंस की सुविधा उपलब्ध है।

स्नातकोत्तर स्तर पर एमएससी भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित और कंप्यूटर साइंस, एमकॉम, एमए इतिहास तथा एमए राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त दूरस्थ शिक्षा के अंतर्गत बीए, बीकॉम, एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एमए अंग्रेजी, एमएससी गणित, बीए मास कम्युनिकेशन और एमए मास कम्युनिकेशन जैसे पाठ्यक्रमों की सुविधा भी उपलब्ध है।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान

डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि संस्थान में विश्वविद्यालय स्तर पर 29 स्वर्ण पदकों की उपलब्धि के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा, हरियाणा नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) अध्ययन केंद्र, एनएसएस और एनसीसी की सक्रिय इकाइयां तथा परिवहन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओडीएम महाविद्यालय और कृष्णा वैदिक गुरुकुल का यह संयुक्त प्रयास विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित अध्ययन वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएगा। इससे विद्यार्थियों के करियर निर्माण और आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक सहयोग मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button