
रोटरी सेंट्रल हिसार ने पेश की सेवा की मिसाल, 120 छात्राओं को वितरित किए स्वेटर और जूते
हिसार, 26 नवंबर। रोटरी सेंट्रल हिसार ने सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए विंटर सीजन का दूसरा स्वेटर
एवं जूते वितरण कार्यक्रम गवर्नमेंट गर्ल्स प्राइमरी स्कूल, सातरोड़ खुर्द में आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की 120 छात्राओं को सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर और जूते वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को राहत पहुंचाने के साथ उन्हें शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में डीजीएन रो. संजय ठकराल का विशेष सहयोग, मार्गदर्शन और गरिमामयी उपस्थिति रही। क्लब प्रधान रो. रवि मेहता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य शिक्षा प्राप्त करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन्हें साकार करने के लिए मेहनत और पढ़ाई पहला कदम है। छात्राएं अपना पूरा ध्यान शिक्षा पर लगाएं और शिक्षकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनें। शिक्षा के माध्यम से वे भविष्य में देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
क्लब के वरिष्ठ सदस्य रो. कुलदीप खेड़ा ने भी छात्राओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि विद्यार्थी की मेहनत और प्रतिभा ही उसकी पहचान बनाती है। इतिहास में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जहां छोटे विद्यालयों और साधारण परिवारों से निकलकर बच्चों ने उच्च पद हासिल किए और समाज व देश के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दिया। उन्होंने छात्राओं से मेहनत करने और जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. विकास ठकराल और को-प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. नवीन खुराना रहे। आयोजन को सफल बनाने में क्लब सचिव रो. विनोद आहूजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर ए.जी. रो. राकेश महता, रो. रविंद्र कत्याल और रो. संदीप ग्रोवर का भी सराहनीय सहयोग एवं उपस्थिति रही।
रोटरी सेंट्रल हिसार के सदस्यों ने कहा कि क्लब भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता, शिक्षा को प्रोत्साहन और समाजहित से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।



